देहरादून: संसद में पेश किए गए महिला आरक्षण बिल को लेकर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने इसे ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि यह बिल देश की महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि यह सिर्फ एक कानून नहीं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण की मजबूत नींव साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा महिलाओं की छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी समस्याओं को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले चार दशकों से महिला आरक्षण बिल को जानबूझकर लटकाया और भटकाया गया। अब जब यह बिल संसद में आया है, तो इसे सभी दलों का समर्थन मिलना चाहिए।
बीजेपी महामंत्री ने कहा कि देश की हर महिला और किसान को प्रधानमंत्री पर भरोसा है, क्योंकि वे जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिला शक्ति इस बिल के समर्थन में पूरी तरह से सरकार के साथ खड़ी है।
अंत में उन्होंने विपक्ष से विनम्र अपील करते हुए कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया जाना चाहिए, ताकि देश में महिलाओं की भागीदारी और मजबूत हो सके।
महिला आरक्षण बिल को बताया ऐतिहासिक
पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना
विपक्ष पर बिल को लंबित रखने का आरोप
सभी दलों से समर्थन की अपील
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
