किच्छा (ऊधम सिंह नगर): नई अनाज मंडी में गेहूं खरीद की धीमी रफ्तार को लेकर आज बड़ा हंगामा देखने को मिला। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया, जिसके बाद व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां सामने आने पर वह मौके पर ही धरने पर बैठ गए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि 300 कुंतल की तौल सीमा होने के बावजूद अब तक केवल 293 कुंतल गेहूं की ही खरीद हो पाई है। 1 अप्रैल से शुरू हुई खरीद प्रक्रिया के 16 दिन बीत जाने के बाद भी धीमी प्रगति को लेकर किसानों में नाराजगी देखी गई।
विधायक के धरने पर बैठते ही उनके समर्थक और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और खाद्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खाद्य विभाग का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन भी किया।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने एसएमआई ओम नारायण मिश्र पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उनके तत्काल स्थानांतरण की मांग की। इसके साथ ही धान खरीद प्रक्रिया में भी अनियमितताओं के आरोप लगाए गए।
हालांकि अधिकारियों द्वारा कल से सुचारु रूप से तौल शुरू कराने के आश्वासन के बाद विधायक ने धरना समाप्त कर दिया, लेकिन कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन देर तक जारी रहा।
