पंतनगर (उत्तराखंड): उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने आज जनपद भ्रमण के दौरान पंतनगर एयरपोर्ट का निरीक्षण किया और चल रहे विस्तारीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिस पर लगभग 380 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
एयरपोर्ट विस्तार के लिए 524.70 एकड़ भूमि पहले ही आवंटित की जा चुकी है। भवन ध्वस्तीकरण और पेड़ों का कटान कार्य पूरा हो चुका है, जबकि वर्तमान में चाहरदीवारी निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जिसे जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विस्तारीकरण योजना के तहत 3000 मीटर लंबा रनवे, नया टर्मिनल, हैंगर, आईएलएस (ILS) सुविधा, कार्गो टर्मिनल और नाइट लैंडिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए एटीएम, पार्किंग, वाई-फाई, हेल्प डेस्क और चिकित्सा सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा एयरपोर्ट क्षेत्र में आने वाले हाईवे को शिफ्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि एयरपोर्ट के पास गेस्टहाउस निर्माण और सेना को भूमि आवंटन का प्रस्ताव भी विचाराधीन है।
मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि परियोजना तय समय पर पूरी हो सके।
इस दौरान उन्होंने डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों से संवाद किया और उन्हें प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
- पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण कार्यों की समीक्षा
- 380 करोड़ रुपये की लागत से विकास योजना
- 524.70 एकड़ भूमि का आवंटन पूरा
- 3000 मीटर रनवे और आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी
- जून तक चाहरदीवारी निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
