ऋषिकेश (उत्तराखंड): आगामी चारधाम यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आईजी लॉ एंड ऑर्डर सुनील कुमार मीणा ने ऋषिकेश, मुनिकीरेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र की पुलिस के साथ महत्वपूर्ण समन्वय बैठक की।
यह बैठक ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें जनपद टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे, एसपी देहात जया बलूनी सहित तीनों जिलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन पर पुलिस का विशेष फोकस होना चाहिए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रभावी समन्वय के साथ यातायात संचालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक के बाद आईजी ने ट्रांजिट कैंप परिसर और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कुछ कैमरे खराब पाए जाने पर उन्होंने उन्हें तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
आईजी ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रैफिक जाम से बचने के लिए प्रशासन ने प्लान A, B और C तैयार किए हैं, जिन्हें स्थिति के अनुसार लागू किया जाएगा।
