रुड़की: उत्तराखंड हज कमेटी की ओर से हज यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिविल अस्पताल में विशेष मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने हज यात्रियों को वैक्सीनेशन ड्रॉप पिलाकर किया।
इस दौरान सभी हज यात्रियों की पूरी स्वास्थ्य जांच (मेडिकल स्क्रीनिंग) की गई, ताकि उनकी हज यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके।
सरकार की प्राथमिकता: सुरक्षित और सुविधाजनक हज यात्रा
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उत्तराखंड सरकार हज यात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और हज यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।
उन्होंने सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि अब यहां पहले की तुलना में अधिक उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।
‘ग्रीन कार्ड’ से आसान होगी यात्रा
मेडिकल जांच पूरी होने के बाद सभी यात्रियों को ‘ग्रीन कार्ड’ जारी किया जाएगा। यह कार्ड हज यात्रा के दौरान उनकी स्वास्थ्य स्थिति का प्रमाण होगा और यात्रा को आसान बनाएगा।
400 से अधिक जायरीन जाएंगे हज पर
हज कमेटी के अध्यक्ष हाजी खतीब अहमद ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इस वर्ष हरिद्वार जिले से 400 से अधिक हज यात्री हज यात्रा पर जा रहे हैं।
वैक्सीनेशन कैंप के दौरान जायरीन में काफी उत्साह और खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, हज कमेटी के अधिशासी अधिकारी मो. आरिफ खान, हज अधिकारी मोहम्मद अहसान, अब्दुल कादिर सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
