रुड़की: थाना झबरेड़ा क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर साबतवाली की एक महिला ने अपने पति के जीजा पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने उपजिलाधिकारी (जॉइंट मजिस्ट्रेट) दीपक रामचन्द्र सेठ से हस्तक्षेप की मांग की है।
महिला का आरोप है कि उसके पति को नशे का आदी बनाकर उसकी पैतृक संपत्ति को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी करीब 7 वर्ष पहले लक्ष्मण सिंह निवासी ग्राम सुल्तानपुर साबतवाली से हुई थी और उनका एक 4 वर्षीय पुत्र भी है।
महिला के अनुसार, पिछले 7 महीनों से उसके पति ने उसका और बच्चे का भरण-पोषण पूरी तरह से बंद कर दिया है। उसने आरोप लगाया कि उसके पति का जीजा पर्मेन्द्र, जो बसवाखेड़ी थाना झबरेड़ा का निवासी है और वर्तमान में हरिद्वार में रह रहा है, पति की पैतृक संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से उसे नशे का आदी बना रहा है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पर्मेन्द्र उस पर गलत नजर रखता है, जिसकी शिकायत पहले भी थाना झबरेड़ा में की जा चुकी है।
महिला का कहना है कि 26 सितंबर 2025 को पर्मेन्द्र ने उसके पति को नशे की हालत में रखकर पैतृक मकान की रजिस्ट्री करा दी (दस्तावेज संख्या 8803/2025) और उससे प्राप्त पूरी धनराशि खुद हड़प ली। साथ ही अब अन्य जमीनों को भी बेचने की साजिश रची जा रही है।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह नशे के प्रभाव में परिवार के भविष्य को लेकर सही निर्णय लेने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में महिला और उसके नाबालिग पुत्र के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
महिला ने प्रशासन से मांग की है कि उप-निबंधक रुड़की को निर्देश देकर उसके पति के नाम से किसी भी संपत्ति की रजिस्ट्री पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि उसके और उसके बच्चे के हित सुरक्षित रह सकें।
मुख्य बिंदु
महिला ने जॉइंट मजिस्ट्रेट से लगाई न्याय की गुहार
पति को नशे का आदी बनाकर संपत्ति हड़पने का आरोप
पैतृक मकान की रजिस्ट्री पर गंभीर सवाल
अन्य जमीन बेचने की साजिश का दावा
महिला और बच्चे के भविष्य पर संकट
