रिपोर्ट: ललित जोशी
सरोवर नगरी नैनीताल के डीएसबी परिसर में एंटी ड्रग रैली और जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त समाज की दिशा में प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति प्रोफेसर दीवान एस रावत द्वारा रैली को हरी झंडी दिखाकर की गई। इस दौरान उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मादक पदार्थ मानव जीवन के लिए जहर समान हैं और ड्रग्स इंसान के लिए अभिशाप हैं।
छात्रों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प
डीएसबी कॉलेज के निदेशक डॉ. ललित तिवारी ने विद्यार्थियों को एंटी ड्रग शपथ दिलाई। रैली डीएसडब्ल्यू कार्यालय से शुरू होकर न्यू आर्ट्स, ओल्ड आर्ट्स और जूलॉजी विभाग होते हुए आर्ट्स ऑडिटोरियम तक पहुंची।
रैली के दौरान परिसर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशे को ना, जिंदगी को हां”, “नशा हटाओ, भविष्य बचाओ” जैसे नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से
कार्यक्रम का शुभारंभ कर्नल अजय जोशी (सेवानिवृत्त), एसओ तल्लीताल मनोज नयाल, डीएसडब्ल्यू डॉ. संजय पंत और प्रॉक्टर डॉ. हरीश बिष्ट द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों को शॉल, पुष्पगुच्छ और गणेश प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।
विशेषज्ञों ने बताया नशे के दुष्प्रभाव
कर्नल अजय जोशी ने कहा कि नशे से दूर रहने के लिए आत्म-जागरूकता बेहद जरूरी है। वहीं एसओ मनोज नयाल ने बताया कि नशा धीरे-धीरे लत बन जाता है और व्यक्ति की जीवनशैली को पूरी तरह प्रभावित करता है।
डॉ. संजय पंत ने कहा कि एंटी ड्रग कार्यक्रम यूजीसी के निर्देशों के तहत आयोजित किया गया है और छात्रों को इससे सतर्क रहना चाहिए।
हर साल हजारों मौतें, जागरूकता जरूरी
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. ललित तिवारी ने बताया कि नशे के कारण हर वर्ष हजारों लोगों की मौत होती है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र को कमजोर करते हैं, जिससे मानसिक अस्थिरता, व्यवहार में बदलाव और याददाश्त में कमी आती है।
उन्होंने छात्रों से “नशे को ना, जीवन को हां” का संदेश अपनाने की अपील की।
बड़ी संख्या में छात्र रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. गगन होती, डॉ. गीता तिवारी, डॉ. चंद्रकला रावत, डॉ. शिवांगी, डॉ. दीपिका पंत, डॉ. नवीन पांडे, डॉ. सुषमा टम्टा, डॉ. नीलू, डॉ. रीना सिंह, डॉ. हिमांशु लोहनी, डॉ. नंदन बिष्ट सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
