संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश के आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बैसाखी और डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर संस्कार, समर्पण और स्वास्थ्य के संदेशों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. डी.के. श्रीवास्तव, विद्यालय व्यवस्थापक प्रो. गौरव वार्ष्णेय और वाइस प्रिंसिपल डॉ. नागेंद्र पोखरियाल ने मां सरस्वती और डॉ. अंबेडकर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान मुख्य अतिथि को बैज और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में आयुर्वेद की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बैसाखी के कृषि और सांस्कृतिक महत्व के साथ-साथ डॉ. अंबेडकर के सामाजिक विचारों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
वाइस प्रिंसिपल डॉ. नागेंद्र पोखरियाल ने बैसाखी को एकता और परंपरा का प्रतीक बताया, जबकि मीडिया प्रभारी नरेंद्र खुराना ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नई पीढ़ी को महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा मिलती है।
