संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश: आईडीपीएल पुलिस चौकी परिसर में खड़े दर्जनों वाहनों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चौकी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने भीषण आग का मंजर देखकर दहशत महसूस की।
फायर ब्रिगेड ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को बुझा लिया गया, जिससे यह चौकी भवन और आसपास खड़े अन्य वाहनों तक नहीं फैल सकी।
करीब 30 वाहन जलकर खाक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 30 वाहनों में आग लगी, जो पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गए हैं। घटना के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
आग लगने की वजह की जांच जारी
मौके पर मौजूद सीपीयू कर्मचारी नीरज रावत ने बताया कि आशंका है कि वाहनों के पास उगी सूखी झाड़ियों में किसी ने जलता हुआ पदार्थ फेंक दिया होगा, जिससे आग भड़क उठी और तेजी से वाहनों तक फैल गई।
वहीं फायर अधिकारी सुनील दत्त तिवारी ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य है।
बड़ा हादसा टला
समय पर फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
