देहरादून: आगामी चार धाम यात्रा 2026 को लेकर उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा—यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए राज्य के अपने डॉक्टर तैनात किए जाएंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी।
दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य सचिव के निर्देश पर मेडिकल एजुकेशन विभाग द्वारा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह दो दिवसीय ट्रेनिंग देहरादून और श्रीनगर में आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में कुल 60 डॉक्टर शामिल हो रहे हैं, जिनमें से 30 डॉक्टर श्रीनगर और 30 डॉक्टर देहरादून में ट्रेनिंग ले रहे हैं। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद इनमें से करीब 50 डॉक्टरों को चार धाम यात्रा में तैनात किया जाएगा।
हाई एल्टीट्यूड को ध्यान में रखकर विशेष तैयारी
चार धाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में बुजुर्ग श्रद्धालु शामिल होते हैं, जिन्हें हाई एल्टीट्यूड (ऊंचाई) के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इस बार यात्रा मार्ग पर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी।
डॉ. बिष्ट ने बताया कि पहले कई बार दूसरे राज्यों से डॉक्टरों को बुलाना पड़ता था, लेकिन इस बार उत्तराखंड के ही प्रशिक्षित डॉक्टर सेवा देंगे, जिससे आपात स्थिति में बेहतर और त्वरित इलाज संभव हो सकेगा।
