रुड़की | हरिद्वार
रुड़की में मंदिर विवाद को लेकर नया घटनाक्रम सामने आया है। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज अपने शिष्य महंत यति रामस्वरूपानंद गिरी की तलाश में पूरे दिन सक्रिय रहे। बाद में महंत मंगलौर थाना क्षेत्र की लखनौता चौकी में मिले, जहां से उन्हें अपने साथ ले जाया गया।
महंत रामस्वरूपानंद गिरी ने आरोप लगाया कि दहियाकी स्थित शिव मंदिर में सेवा के दौरान उनके साथ अभद्रता, मारपीट और मंदिर छोड़ने का दबाव बनाया गया। उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी ने कहा कि यदि उनके शिष्य को न्याय और सुरक्षा नहीं मिली तो संत समाज पूरे देश में आंदोलन करेगा। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
