देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के शुद्धिकरण और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर निर्वाचन विभाग एक्शन मोड में है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि आगामी 1 अप्रैल से प्रदेश में प्री-एसआईआर (Pre-SIR) फेज के तहत मैपिंग का सघन अभियान शुरू किया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत सटीक मतदाता सूची तैयार करना है। डॉ. जोगदंडे ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के कुशल निर्देशन में अब तक 85 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अब विभाग का पूरा ध्यान उन बूथों पर है जहाँ मैपिंग की गति धीमी रही है।
कम मैपिंग वाले बूथों पर रहेगी ‘स्पेशल नजर’
निर्वाचन विभाग ने रणनीति तैयार की है कि जिन बूथों पर मैपिंग का प्रतिशत कम है, वहां विशेष फोकस करते हुए डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, हर बूथ पर एब्सेंट (Absent), शिफ्टेड (Shifted) और डेथ (Death) यानी ASD सूची तैयार की जा रही है। इससे अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने और सूची को त्रुटिहीन बनाने में मदद मिलेगी।
डिजिटल सुविधा: ‘बुक ए कॉल विद BLO’ फीचर लॉन्च
मतदाताओं की सुविधा के लिए अब तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। डॉ. जोगदंडे ने बताया कि अब मतदाता अपने बीएलओ (Booth Level Officer) से संपर्क करने के लिए घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
कैसे करें उपयोग: मतदाता voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECI-NET मोबाइल ऐप के जरिए “बुक ए कॉल” फीचर का लाभ ले सकते हैं।
रिस्पॉन्स टाइम: कॉल बुक होने के महज दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेगा।
राजनीतिक दलों ने नियुक्त किए 19 हजार BLA
स्वच्छ और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए राजनीतिक दलों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। आंकड़ों के अनुसार:
प्रदेश के कुल 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष अब तक विभिन्न दलों द्वारा कुल 19,116 बीएलए (Booth Level Agents) नियुक्त किए गए हैं।
भाजपा: 9,276 बीएलए
कांग्रेस: 9,506 बीएलए
सीपीआई (एम): 217 बीएलए
बीएसपी: 117 बीएलए
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे शत-प्रतिशत बूथों पर अपने एजेंट नियुक्त करें ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।