रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
उत्तराखंड के जसपुर ब्लॉक क्षेत्र में ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया।
बैठक का आयोजन जसपुर स्थित सत्कार ढाबा में हुआ, जहां नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों ने आपसी विचार-विमर्श के बाद ग्राम पंचायत सूरजपुर के प्रधान गुरमेज सिंह को एक बार फिर निर्विरोध प्रधान संघ का ब्लॉक अध्यक्ष चुन लिया।
36 ग्राम प्रधानों का समर्थन
इस चुनाव में करीब 36 ग्राम प्रधानों ने गुरमेज सिंह के समर्थन में सहमति जताई। सभी प्रधानों ने सामूहिक रूप से सहमति पत्र तैयार कर मीडिया को भी सौंपा, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि उनका चयन पूर्णतः सर्वसम्मति से हुआ है।
पहले भी रह चुके हैं अध्यक्ष
मीडिया से बातचीत में गुरमेज सिंह ने बताया कि वह पहले भी सर्वसम्मति से प्रधान संघ के अध्यक्ष चुने जा चुके थे।
हालांकि, पारिवारिक कारणों के चलते कुछ समय तक सक्रिय न रह पाने का फायदा उठाकर कुछ प्रधानों ने बिना सूचना के स्वयं को अध्यक्ष घोषित कर दिया था।
गलतफहमियां हुईं दूर
गुरमेज सिंह ने बताया कि बाद में क्षेत्र के अधिकांश प्रधान उनके पास पहुंचे और आपसी बातचीत के जरिए सभी गलतफहमियों को दूर किया गया। इसके बाद एक बार फिर सभी ने मिलकर उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
इस निर्णय के बाद क्षेत्र के ग्राम प्रधानों में खुशी का माहौल है। बैठक में बड़ी संख्या में प्रधान मौजूद रहे और सभी ने गुरमेज सिंह को बधाई दी।
