संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी भी बरामद की है।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास तिवारी, निवासी आईडीपीएल ऋषिकेश के रूप में हुई है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि देहरादून रोड स्थित जंगलात बैरियर के पास नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोकने का प्रयास किया। जांच में पाया गया कि स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने स्कूटी की असली नंबर प्लेट हटाकर गंगा नदी में फेंक दी थी, ताकि पहचान छुपाई जा सके।
जांच में यह भी सामने आया कि बरामद स्कूटी गंगानगर निवासी अतिथि कुकरेजा की है, जो 1 अप्रैल को उनके घर के बाहर से चोरी हुई थी। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने चोरी की वारदात को किस उद्देश्य से अंजाम दिया।
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें और सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
