देहरादून | रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दून पुलिस का “ऑपरेशन क्रैकडाउन” बड़े स्तर पर जारी है। इस अभियान ने शहर में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा कसते हुए अपराधियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मचा दिया है।
करीब डेढ़ महीने तक चले इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 4,000 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि 73 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही शहर में व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान भी चलाया गया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 30,000 से अधिक मकानों का सत्यापन किया गया, वहीं 43,000 से ज्यादा बाहरी व्यक्तियों की जांच की गई। यह कदम शहर में अवैध रूप से रह रहे लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है।
अभियान के तहत किरायेदारों और कर्मचारियों का सत्यापन न कराने पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। 2,500 से अधिक मकान मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और करीब 2.5 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा, पुलिस ने अवैध रूप से रह रही 3 विदेशी महिलाओं सहित कई अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन क्रैकडाउन” आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
