रिपोर्ट: सचिन कुमार
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अब शादी-विवाह वाले परिवारों को गैस सिलेंडरों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। शासन द्वारा जारी नई SOP के तहत वैवाहिक समारोहों के लिए व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है।
शादी के लिए मिलेंगे दो कमर्शियल सिलेंडर
जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) के.के. अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि नई व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक वैवाहिक कार्यक्रम के लिए अधिकतम दो कमर्शियल गैस सिलेंडर की अनुमति दी जाएगी। इससे शादी समारोहों में खाना बनाने की व्यवस्था सुचारू रूप से हो सकेगी।
आवेदन प्रक्रिया क्या है?
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आवेदकों को अपनी संबंधित तहसील या देहरादून स्थित DSO कार्यालय में आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ निम्न दस्तावेज अनिवार्य हैं:
- 10 रुपये का स्टाम्प पेपर (शपथ पत्र)
- बच्चे का आधार कार्ड
- शादी का निमंत्रण कार्ड
जांच के बाद संबंधित गैस एजेंसी को सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।
घरेलू गैस की स्थिति भी सामान्य
DSO के अनुसार, रविवार को बॉटलिंग प्लांट बंद रहने के कारण थोड़ी कमी आई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो चुकी है। देहरादून में 22,000 से अधिक नए सिलेंडर प्राप्त हो चुके हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गैस का वितरण केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही किया जाएगा। गोदाम से सीधे सिलेंडर देने की अनुमति नहीं है।
अब तक 150 से अधिक आवेदन
अधिकारियों के मुताबिक अब तक 150 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से 50 से अधिक परमिट जारी किए जा चुके हैं। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
