उत्तराखंड में 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा से पहले तैयारियों को लेकर सियासत तेज हो गई है। जहां एक ओर सरकार यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियों का दावा कर रही है, वहीं बद्रीनाथ धाम से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत किए जा रहे कार्यों में घोर लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह परियोजना प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट होने के साथ ही पीएमओ की निगरानी में है, इसके बावजूद अब तक कई कार्य अधूरे हैं।
विधायक ने श्री नारायण मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिस रास्ते से श्रद्धालु गुजरते हैं, वहां अभी तक स्थायी निर्माण नहीं हुआ है और केवल अस्थायी व्यवस्था के सहारे काम चलाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो सकती है।
अलकनंदा नदी के प्रवाह क्षेत्र में बदलाव को लेकर भी विधायक ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि नदी का मार्ग करीब तीन मीटर तक छोटा किया गया है, जिससे ब्रह्मकपाल और तप्तकुंड जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों पर खतरा बढ़ सकता है।
चारधाम यात्रा के शुरू होने से पहले उठे इन सवालों ने तैयारियों पर चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन आरोपों पर क्या जवाब देता है और व्यवस्थाओं को किस तरह दुरुस्त किया जाता है।
