संवाददाता: सागर रस्तोगी
टिहरी और पौड़ी जनपद को जोड़ने वाले निर्माणाधीन बजरंग सेतु में उद्घाटन से पहले ही बड़ी खामी सामने आई है। पुल के फुटपाथ पर लगा पारदर्शी कांच एक बार फिर टूट गया है, जिससे सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बजरंग सेतु के दोनों ओर बने कांच के फुटपाथ में से एक हिस्से में दरारें आ गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर फुटपाथ के दोनों किनारों से आवाजाही रोक दी गई है।
यह पहली घटना नहीं है—इससे पहले भी दो बार कांच क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसे निर्माण कंपनी द्वारा बदला गया था।
लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर द्वारा वर्ष 2022 में लक्ष्मणझूला पुल के पास इस पुल का निर्माण शुरू किया गया था।
करीब 69.20 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल
हैरानी की बात यह है कि पुल का अभी तक आधिकारिक उद्घाटन नहीं हुआ है, लेकिन पिछले दो महीनों से यहां पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही जारी है। लोग कांच के फुटपाथ पर चलकर फोटो और सेल्फी ले रहे हैं, जबकि विभाग की ओर से कोई रोक-टोक नहीं है।
गौरतलब है कि 16 अप्रैल 2022 को 92 साल पुराना लक्ष्मणझूला पुल सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया था।
IIT Roorkee की रिपोर्ट में पुल की तारों को जर्जर बताया गया था, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से आवागमन रोक दिया था।
बजरंग सेतु के कांच फुटपाथ पर चलने के लिए अभी तक कोई स्पष्ट मानक तय नहीं किए गए हैं। इसके बावजूद लोगों की आवाजाही जारी है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा है, तो इसकी जानकारी जुटाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
