| विशेष रिपोर्ट
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना लैंसडाउन चौक के पास की है, जहां एक निजी विश्वविद्यालय की बस के ड्राइवर पर कुछ फड़-ठेली संचालकों ने हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय की बस चला रहे चालक के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य स्कूल बस चालकों ने विरोध जताते हुए अपनी बसें सड़क पर खड़ी कर दीं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब बसों में मौजूद छात्र भी सड़क पर उतर आए और घटना को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। इससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। घायल चालक गौरव लोधी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मामले पर जानकारी देते हुए स्वप्निल मुयाल (सीओ सिटी, देहरादून) ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुकानदारों द्वारा मारपीट की पुष्टि हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
