तीर्थनगरी Rishikesh के बनखंडी क्षेत्र में गैस की किल्लत के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सप्लाई वाहन के अंदर खुलेआम गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सप्लाई वाहन के अंदर ही हो रही थी रिफिलिंग
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि “इंडियन गैस” लिखे वाहन के अंदर एक कर्मचारी तथाकथित ‘बांसुरी’ उपकरण की मदद से गैस रिफिलिंग कर रहा है। यह पूरा काम बेहद लापरवाही और बिना किसी सुरक्षा मानकों के किया जा रहा था, जो गंभीर हादसे को न्योता दे सकता है।
वीडियो बनते ही कर्मचारी ने छिपाई हरकत
जानकारी के अनुसार, जब एक व्यक्ति ने इस गतिविधि का वीडियो बनाना शुरू किया तो कर्मचारी ने तुरंत रिफिलिंग बंद कर दी और उपकरण छिपाने की कोशिश की। हालांकि, उसे यह अंदाजा नहीं था कि पास की छत से भी कोई उसकी इस हरकत को रिकॉर्ड कर रहा है।
सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और कई सवाल उठ रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस तरह की अवैध रिफिलिंग के कारण घरेलू गैस सिलेंडरों में वजन की कमी हो सकती है, जिससे उपभोक्ताओं को नुकसान हो रहा है।
कार्रवाई की उठी मांग
स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने संबंधित कर्मचारी की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जिला और क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारियों से इस मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की गई है।
