रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल जिले में नैनी बेंड बाईपास के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भवाली सेनेटोरियम क्षेत्र के समीप दो कारों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद एक वाहन गहरी खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आमने-सामने की टक्कर में बड़ा हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही बलिनो कार (UK 01B 3732) और कैंची की ओर जा रही स्विफ्ट कार (HP39E 1053) की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलिनो कार अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
युवक गंभीर रूप से घायल
हादसे में बलिनो सवार दीपक बिष्ट (36 वर्ष), पुत्र हरि सिंह बिष्ट, निवासी ग्राम खनिया (रानीखेत) गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल को खाई से बाहर निकाला।
हायर सेंटर किया गया रेफर
घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर उठी मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
