रिपोर्ट: भगवान सिंह
सतपुली:
पौड़ी जिले के सतपुली में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की ‘गढ़वाल संवाद यात्रा’ के दौरान पार्टी नेताओं ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान पदाधिकारियों ने चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा के लिए दोनों राष्ट्रीय दलों को जिम्मेदार ठहराया।
बाजार में निकाली रैली, उठाए स्थानीय मुद्दे
शनिवार को यूकेडी कार्यकर्ताओं ने सतपुली बाजार में रैली निकालकर जनसमस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की नीतियों के कारण मंडल मुख्यालय पौड़ी लगातार उपेक्षा का शिकार हो रहा है।
पलायन और विकास पर सरकार घिरी
यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि दोनों दलों ने लंबे समय तक प्रदेश में शासन किया, लेकिन मूल निवासियों के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में पहाड़ों से लगातार पलायन हो रहा है, जबकि सरकार इस पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।
स्थानीय लोगों के लिए योजनाओं की कमी
पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के लिए ठोस योजनाएं न बनने के कारण गांव खाली होते जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बाहरी राज्यों के लोग यहां स्थायी निवास बना रहे हैं, जबकि स्थानीय लोग रोजगार के लिए पलायन को मजबूर हैं।
यूकेडी ने मांगा जनसमर्थन
यूकेडी नेताओं ने दावा किया कि केवल उनकी पार्टी ही उत्तराखंड के हितों की रक्षा कर सकती है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को बहुमत दिलाने की अपील की।
इस मौके पर कुलदीप सिंह रावत, देवचंद उत्तराखंडी, जवाहर भट्ट, सुरेश जुयाल, नीरजा कुकसाल, अर्जुन नेगी, गौरव चंदोला, आयुष रावत, अजय चंदोला सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
