लोकेशन: रुड़की | संवाददाता: अरशद हुसैन
उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रुड़की के आवास विकास स्थित कैंप कार्यालय में पार्टी की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मास्टर दीपक लाखवान ने की। इस दौरान केंद्रीय नेतृत्व द्वारा हाल ही में नियुक्त किए गए केंद्रीय संगठन मंत्री शिव कुमार सैनी और केंद्रीय सचिव एडवोकेट महक सिंह सैनी का स्वागत किया गया।
जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण है।
वहीं, केंद्रीय सचिव महक सिंह सैनी ने नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि UKD का लक्ष्य आगामी चुनावों में 6 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों को पूर्ण बहुमत से जिताना है। इसके लिए पार्टी पूरी ऊर्जा और जोश के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
केंद्रीय संगठन मंत्री शिव कुमार सैनी ने भी शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
इस मौके पर जिला कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन विस्तार के इस कदम के साथ ही UKD ने आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति भी स्पष्ट कर दी है।
