रुड़की-लक्सर क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने भोगपुर में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को चोरी के सामान और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथौड़ा और पेचकस के साथ गिरफ्तार किया है।
एसपी देहात शेखर सुयाल के अनुसार, 12 अप्रैल को भोगपुर मंदिर के केयरटेकर राजवीर (पुत्र पाला), निवासी गोधना, पुरकाजी (मुजफ्फरनगर) की हत्या कर दी गई थी। आरोपी ने सिर पर हथौड़े से वार कर वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद आरोपी मंदिर से इन्वर्टर और चढ़ावे के करीब 200 रुपये चोरी कर ले गया। इसके अलावा पास के एक अन्य मंदिर से एम्पलीफायर भी चोरी किया गया। दोनों मामलों में कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया।
उत्तराखंड पुलिस ने एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर एसपी देहात और सीओ लक्सर के नेतृत्व में टीम गठित की।
सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल जांच के जरिए आरोपी की पहचान की गई।
14 अप्रैल को पुलिस ने आरोपी को टांडा भागमल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया, जब वह चोरी का सामान लेकर भागने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी काम की तलाश में कनखल आया था और भोगपुर में अपनी मौसी के घर रुका था।
रात में उसने मौसी के घर से हथौड़ा और पेचकस लेकर चोरी की योजना बनाई। मंदिर का ताला तोड़ते समय केयरटेकर के जागने पर आरोपी ने उसके सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी।
