संवाददाता: सागर रस्तोगी
उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चार धाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में आज से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले ही दिन 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने अपना पंजीकरण कराया, जिससे यात्रियों में उत्साह साफ नजर आया।
यात्रा प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रांजिट कैंप परिसर में कुल 24 रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा रोडवेज बस अड्डा परिसर में भी 6 अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को आसानी से पंजीकरण की सुविधा मिल सके।
सिर्फ यही नहीं, यात्रा प्रशासन ने 30 मोबाइल टीमों को भी सक्रिय किया है। ये टीमें शहर की धर्मशालाओं और आश्रमों में जाकर ठहरे हुए श्रद्धालुओं का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कर रही हैं, जिससे उन्हें लंबी कतारों से राहत मिल सके।
यात्रा संगठन प्रशासन के ओएसडी प्रजापति नौटियाल के अनुसार, सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंजीकरण के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 200 से ज्यादा लोग ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, जिनमें सबसे अधिक संख्या मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं की है।
उन्होंने यह भी बताया कि जागरूकता बढ़ने के कारण ज्यादातर श्रद्धालु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन को प्राथमिकता दे रहे हैं, लेकिन जिन लोगों को ऑफलाइन प्रक्रिया की जरूरत है, उनके लिए भी सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
रजिस्ट्रेशन केंद्र पर श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। काउंटरों पर पंखों की व्यवस्था, ठंडे पीने के पानी की सुविधा और मुफ्त चाय-नाश्ते की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
चार धाम यात्रा के मद्देनजर प्रशासन की यह पहल श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को आसान और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
