रिपोर्टर: सागर रस्तोगी
चारधाम यात्रा से पहले ऋषिकेश से पैदल यात्रा की शुरुआत
उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा का शुभारंभ भले ही 18 अप्रैल को ऋषिकेश से होना है, लेकिन उससे पहले ही सात श्रद्धालुओं ने पैदल यात्रा की शुरुआत कर दी है। ये सभी श्रद्धालु ऋषिकेश से चारधाम यात्रा के लिए रवाना हुए।
महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा मार्ग के लिए रवाना किया।
कर्नाटक और महाराष्ट्र के श्रद्धालु शामिल
इस पैदल यात्रा में कर्नाटक और महाराष्ट्र से आए श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें चार पुरुष और तीन महिलाएं हैं। यात्रा शुरू करने से पहले श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे मां गंगा की पवित्रता और चारधाम यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने का संदेश भी लोगों तक पहुंचाएंगे। साथ ही वे पैदल यात्रा के महत्व को भी साझा करेंगे।
पहली बार चारधाम पैदल यात्रा पर निकले श्रद्धालु
यह सभी श्रद्धालु पहली बार चारधाम की पैदल यात्रा पर निकले हैं। इससे पहले वे नर्मदा परिक्रमा भी कर चुके हैं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि उनका एक सदस्य ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के साथ यात्रा पर है, जबकि बाकी के रजिस्ट्रेशन यात्रा मार्ग में चलते-चलते ऑनलाइन या ऑफलाइन पूरे किए जाएंगे।
पैदल यात्रा को बताया अद्भुत अनुभव
महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज ने कहा कि आज के समय में जहां अधिकतर लोग हेलीकॉप्टर, हवाई जहाज या निजी वाहनों से चारधाम यात्रा करते हैं, वहीं पैदल यात्रा एक अलग ही आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि सुविधाजनक यात्रा के बढ़ते चलन के बीच पैदल यात्रा का महत्व और भी बढ़ जाता है।
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था साफ झलक रही थी। सभी ने सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की।
