रिपोर्टर: पंकज सक्सेना
हल्द्वानी में निजी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल
हल्द्वानी में एक बार फिर निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक निजी अस्पताल में आंख का इलाज कराने आए 38 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतक अपने पीछे आठ बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें पांच बेटियां शामिल हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गुस्साए परिजन न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए।
कोतवाली पहुंचे परिजन, जांच का आश्वासन
घटना से आक्रोशित परिजन पहले रामनगर से हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे। यहां सीओ हल्द्वानी अमित सैनी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाएगी।
हालांकि, जांच के आश्वासन से असंतुष्ट परिजन बाद में सीधे अस्पताल पहुंच गए और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए।
अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिले, बढ़ा गुस्सा
परिजनों के अनुसार, जब वे अस्पताल पहुंचे तो संबंधित डॉक्टर वहां मौजूद नहीं थे, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही।
प्रशासन से न्याय की मांग
इस घटना के बाद एक बार फिर हल्द्वानी में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और कथित लापरवाही को लेकर बहस तेज हो गई है। परिजन प्रशासन से सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।
