लक्ष्मण झूला (ऋषिकेश, उत्तराखंड): लक्ष्मण झूला पुलिस और एलआईयू (स्थानीय खुफिया इकाई) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में राम झूला क्षेत्र से एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया, जो फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में अवैध रूप से रह रहा था।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल के अनुसार, पुलिस टीम राम झूला रोड स्थित काली मंदिर के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्रतीक्षालय में भगवा वेश में बैठे एक व्यक्ति पर संदेह हुआ।
पूछताछ के दौरान उसने पहले अपना नाम सत्यनिष्ठ आर्य निवासी दिल्ली बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसकी असली पहचान सामने आ गई। आरोपी की पहचान सनीउर रहमान पुत्र सैदुर रहमान, निवासी जिला फरीदपुर (बांग्लादेश) के रूप में हुई।
पुलिस और एलआईयू की जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2016 में नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। उसने दिल्ली में पैसे देकर फर्जी आधार कार्ड बनवाया और उसी पहचान के साथ रह रहा था।
जांच में यह भी पता चला कि उसका बांग्लादेशी पासपोर्ट वर्ष 2018 में समाप्त हो चुका है, जिसकी कॉपी उसके मोबाइल फोन में मिली है।
पुलिस ने आरोपी के पास से तीन स्मार्टफोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, एक पेन ड्राइव सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
