रिपोर्टर: ललित जोशी
नैनीताल/भीमताल: सरोवर नगरी से करीब 22 किलोमीटर दूर भीमताल में एक युवक पर युवतियों का शारीरिक और मानसिक शोषण करने के आरोपों के विरोध में स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर थाने का घेराव किया और जनसभा आयोजित की।
बाजार बंद, थाने का घेराव
घटना के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। बड़ी संख्या में लोग और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता एकत्र हुए और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया।
पुलिस के खिलाफ नाराजगी
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पुलिस ने मांगा समय
प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता भी हुई। पुलिस ने कार्रवाईके लिए कुछ दिनों का समय मांगा और आश्वासन दिया कि जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे।
चार टीमें आरोपी की तलाश में
पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी गई हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
कई लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन में मनोज भट्ट, पंकज जोशी सहित प्रिंस करायत, कमल देउपा, गोतम मटियाली, शुभम नैनवाल, प्रेम कुल्याल, पारस चंद्रा, प्रकाश आर्या, शरद पांडे, रमन बिष्ट, धन सिंह राणा, मीनाक्षी जोशी, सुनीता पांडे, निधि साह, नीमा नेगी, मदन गिरी, देवेंद्र फर्त्याल और जितेंद्र चनौतिया समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
