संवाद्दाता: अरशद हुसैन
रुड़की, उत्तराखंड: महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। रुड़की के एक निजी होटल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रेस वार्ता कर ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के विरोध को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला, समाजसेविका ममता पंगती और मेयर अनीता अग्रवाल मौजूद रहीं। नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम को राजनीतिक कारणों से रोकने की कोशिश कर रहा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने वर्षों तक महिला आरक्षण को टालने का काम किया और अब जब यह कानून बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तो उसका विरोध किया जा रहा है।
वहीं राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला ने विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ दल धर्म आधारित आरक्षण की बात कर महिलाओं के अधिकारों को कमजोर करना चाहते हैं।
देहरादून में रैली का ऐलान
राज्यमंत्री ने जानकारी दी कि 24 तारीख को देहरादून में इस विरोध के खिलाफ एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
समाजसेविका ममता पंगती ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ परिसीमन प्रक्रिया से जुड़ा है, जिसका उद्देश्य संतुलित और न्यायसंगत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है।
राजनीतिक घमासान तेज होने के संकेत
महिला आरक्षण को लेकर सियासी बयानबाजी के बीच यह मुद्दा आने वाले दिनों में और गरमाने के आसार हैं। अब देखना होगा कि इस विषय पर राजनीतिक दलों के बीच टकराव किस दिशा में आगे बढ़ता है।
