रिपोर्ट: ललित जोशी
रुड़की में चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार के नवनियुक्त परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने नारसन बॉर्डर पर स्थित ग्रीन कार्ड सेंटर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने परिवहन विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आने वाले किसी भी यात्री को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
नारसन बॉर्डर पर स्थापित ग्रीन कार्ड सेंटर चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की जांच और पंजीकरण के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां से गुजरने वाले वाहनों को आवश्यक औपचारिकताओं से गुजरना होता है, जिससे यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सके।
परिवहन मंत्री ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और “ग्रीन उत्तराखंड, क्लीन उत्तराखंड” के संदेश को अपनाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और साफ-सफाई में सभी की भागीदारी जरूरी है।
चारधाम यात्रा के बढ़ते प्रवाह को देखते हुए सरकार द्वारा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। ग्रीन कार्ड सेंटर का निरीक्षण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया जा सके।
