रिपोर्टर: ललित जोशी
सरोवर नगरी नैनीताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी कार्यालय के पास स्थित कार पार्किंग में एक कार के अंदर वरिष्ठ अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव संदिग्ध हालत में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पार्किंग में खड़ी कार से अचानक गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद लोग मौके की ओर दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय अधिवक्ता मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को कार के अंदर भाकुनी के हाथ में पिस्टल मिली।
मौके से एक सुसाइड नोट मिलने की भी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, नोट में उन्होंने गंभीर बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी है। साथ ही, उन्होंने कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी से अपनी पत्नी का ध्यान रखने की अपील की है। हालांकि, पुलिस ने सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। इस घटना की खबर मिलते ही न्यायालय परिसर समेत पूरे नैनीताल में शोक की लहर दौड़ गई।
