संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश के नटराज-श्यामपुर बाईपास मार्ग पर एक कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार सड़क किनारे खड़ी मिली, जिसके अंदर युवक का शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया है।
जांच में मृतक की पहचान विनीत डोभाल के रूप में हुई है, जो श्यामपुर क्षेत्र के बैटरी फार्म गली नंबर 11 का निवासी था। परिजनों के मुताबिक, विनीत नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और हाल ही में नौकरी छोड़कर घर आया हुआ था।
बताया गया है कि 26 अप्रैल की सुबह वह घर से नौकरी पर जाने की बात कहकर निकला था, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने यह भी जानकारी दी कि वह लंबे समय से नशे का आदी था।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं। यह भी सामने आया है कि कार 26 अप्रैल से ही संदिग्ध स्थिति में सड़क किनारे खड़ी थी।
फिलहाल, युवक की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
