रिपोर्ट: नवीन चन्दोला
चमोली जिले के विकासखंड थराली के अंतर्गत दूरस्थ ग्राम पंचायत रुईसाण में स्वास्थ्य विभाग द्वारा “जन जागरूकता/स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन किया गया। उपकेंद्र डूंगरी के तहत आयोजित इस शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान विजय लाल ने किया।
इस स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं की जांच, ब्लड टेस्ट और अन्य स्वास्थ्य जांचें की गईं। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित संस्थागत प्रसव के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य टीम ने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, पात्र दंपतियों और महिला मंगल दल के सदस्यों को घर पर प्रसव के जोखिमों के बारे में बताया और अस्पताल में सुरक्षित प्रसव कराने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों को ‘इजाबोई’, जननी सुरक्षा योजना (JSY) और जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (JSSK) के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा, डोली/पालकी व्यवस्था, टीबी कार्यक्रम, एनसीडी (NCD), एचपीवी (HPV) टीकाकरण और ग्रामीण स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई।
शिविर में कुल 52 ओपीडी की गई, जिनमें 14 गर्भवती महिलाएं, 12 धात्री माताएं, 13 लक्ष्य दंपति और 13 अन्य मरीज शामिल रहे। सभी को आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. अर्चना सती, डॉ. हेमचंद बिष्ट, डॉ. योगिता, प्रवेन्द्र सिंह, रितु राज सिंह, राहुल देवराड़ी, सुनील चंदन, दिनेश चंद्र बिष्ट, मंजू दानू, रिचा शर्मा, सविता समेत क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ता लक्ष्मी, आमेश्वरी देवी और अनीता देवी उपस्थित रहीं।
