रिपोर्टर: पंकज सक्सेना
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने एक बार फिर शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया इतिहास रच दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने रिकॉर्ड समय में परीक्षा परिणाम घोषित कर अपनी कार्यप्रणाली की दक्षता का परिचय दिया है।
प्रेस वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति ने जानकारी दी कि दिसंबर 2025 सत्र की परीक्षाएं 11 अप्रैल 2026 को संपन्न हुई थीं और महज 20 दिनों के भीतर, 30 अप्रैल 2026 तक शत-प्रतिशत परिणाम घोषित कर दिए गए। विश्वविद्यालय के इतिहास में यह पहली बार है जब इतने कम समय में सभी परीक्षा परिणाम जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए वरिष्ठ शिक्षकों की एक विशेष टीम का गठन किया गया था। कुल 289 अतिरिक्त मूल्यांकन कार्य किए गए, जिसके परिणामस्वरूप 323 पाठ्यक्रमों के परिणाम समय से पहले घोषित कर दिए गए।
शिक्षण कार्यक्रमों में बढ़ी सहभागिता
कुलपति ने बताया कि 17 अप्रैल 2026 को आयोजित पहले कार्यक्रम में लगभग 175 शिक्षार्थियों ने भाग लिया, जिसमें 115 ऑफलाइन और शेष ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। वहीं, 26 अप्रैल 2026 को आयोजित दूसरे कार्यक्रम में करीब 120 शिक्षार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 40 ऑफलाइन और 80 ऑनलाइन प्रतिभागी शामिल रहे।
छात्रों को मिल रही निशुल्क पुस्तकें
विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के हित में निशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। इस योजना के तहत हजारों पुस्तकों का मुफ्त वितरण किया जा रहा है, जिससे दूर-दराज के छात्रों को विशेष लाभ मिल रहा है।
स्थायी पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू
विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के स्थायी पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसके लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है और जल्द ही चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कुलपति ने इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी तरह गुणवत्ता और समयबद्धता पर ध्यान दिया जाएगा।
