विकासनगर क्षेत्र में विकास को गति देते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने ₹145.89 लाख की विभिन्न परियोजनाओं का विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं में श्मशान घाट निर्माण और विद्यालय में कक्ष निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जो क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शुरू किए गए हैं।
श्मशान घाट निर्माण से मिलेगा सम्मानजनक सुविधा
लंघा रोड स्थित श्मशान घाट के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर विधायक ने कार्य प्रारंभ कराया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को अंतिम संस्कार के लिए बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा ग्राम पंचायत बैरागीवाला में भी श्मशान घाट निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। स्थानीय लोगों की यह लंबे समय से मांग रही है, जिसके पूरा होने पर क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
शिक्षा क्षेत्र को भी मिला बढ़ावा
विकास कार्यों की श्रृंखला में ग्राम पंचायत बादामवाला स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में नए कक्षों के निर्माण और अन्य विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया गया। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और सुविधाएं मिलेंगी।
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व प्रधान और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने इन विकास कार्यों की सराहना करते हुए क्षेत्र के लिए इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
