रुड़की के लक्सर क्षेत्र में मेडिकल अफसर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 27 अप्रैल को मेडिकल अफसर सुमित चौधरी पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस घटना का मास्टरमाइंड अभी भी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई थीं। लगातार प्रयासों के बाद एक आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली है।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी देहात शेखर सूयाल ने बताया कि इस हमले के पीछे मंगतदास नाम का व्यक्ति मास्टरमाइंड है, जो खुद को महंत बताता है। उसी के कहने पर गिरफ्तार आरोपी ने मेडिकल अफसर पर गोलियां चलाई थीं।
हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि महंत मंगतदास और मेडिकल अफसर के बीच क्या रंजिश थी और इस हमले के पीछे असली वजह क्या थी। पुलिस इस एंगल से भी जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
एसपी देहात ने बताया कि फरार चल रहे मास्टरमाइंड मंगतदास की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही इस हमले के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।
