रिपोर्टर: रंजीत सिंह
ऊधम सिंह नगर जिले में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किच्छा क्षेत्र में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापेमारी की।
यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के निर्देश पर की गई, जिसमें तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी और स्वास्थ्य विभाग की टीम शामिल रही। टीम ने क्षेत्र में चल रहे कुल आठ अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच की।
जांच के दौरान दो केंद्रों — सूरजमल अस्पताल और छत्रपति साहू जी महाराज हॉस्पिटल — में रेडियोलॉजिस्ट की अनुपस्थिति पाई गई। नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने दोनों अल्ट्रासाउंड केंद्रों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।
सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी और सतर्कता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अवैध लिंग चयन और भ्रूण हत्या जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य निजी केंद्रों में भी सतर्कता बढ़ गई है।
