रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। आसमान में काले बादलों के बीच लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। विभाग ने आगामी दिनों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने 3 से 5 मई के बीच राज्य के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
विशेष रूप से देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों के लिए ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इससे फसलों, यातायात और आम जनजीवन पर असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि 6 मई से मौसम की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है, हालांकि तापमान सामान्य से कम बने रहने की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
