रिपोर्टर: अश्वनी दीक्षित
संयुक्त टीम की कार्रवाई, एक हाथी दांत बरामद
सितारगंज के शक्ति फार्म क्षेत्र में वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हाथी दांत के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शक्ति फार्म स्थित एक्वा पार्क के पास की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
एसडीओ सावित्री गिरी के अनुसार, 4 मई 2026 की शाम करीब 7:50 बजे तराई पूर्वी वन प्रभाग के 12 कोली वन क्षेत्र में यह अभियान चलाया गया। टीम ने मौके से मृत्युंजय हालदार और मानिक मंडल को गिरफ्तार किया।
लाखों की कीमत का हाथी दांत बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक हाथी दांत बरामद हुआ है, जिसकी लंबाई लगभग 3 फीट 3 इंच और वजन करीब 7 किलो 820 ग्राम बताया जा रहा है। वन विभाग के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
दोनों आरोपी शक्ति फार्म, सितारगंज के निवासी बताए जा रहे हैं।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधन 2022) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता
वन विभाग और एसटीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं और नेटवर्क की जांच की जा रही है।
