रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
जसपुर में किसानों और सहकारी समिति संचालकों ने खाद वितरण पर लगाई गई सीमा को लेकर विरोध जताया। बहुउद्देशीय जसपुर किसान सेवा सहकारी समिति के बैनर तले किसानों ने मुख्यमंत्री उत्तराखंड के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मुख्य कृषि अधिकारी देहरादून के आदेश को निरस्त करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि किसानों को प्रति एकड़ एक कट्टा यूरिया और अधिकतम पांच बैग खाद देने का नियम व्यवहारिक नहीं है। किसानों का कहना है कि गन्ना, मक्का और धान जैसी प्रमुख फसलों के लिए अधिक मात्रा में यूरिया और एनपीके की जरूरत पड़ती है।
समिति अध्यक्षा प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि खरीफ फसल का समय नजदीक है और यदि खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं हुई तो किसानों की फसलें प्रभावित होंगी। उन्होंने सरकार से जल्द निर्णय लेकर किसानों को राहत देने की मांग की।
किसानों ने यह भी कहा कि यदि समस्या का समाधान समय रहते नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
