संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की की मंगलौर पुलिस ने जाली नोटों के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 850 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि सभी नोटों पर एक ही सीरियल नंबर छपा हुआ था।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को मंगलौर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि मुंडलाना निवासी अल्ताफ उर्फ इल्ताफ बाजार में नकली नोट चला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अकबरपुर-सिक्खर रोड के पास घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 100 रुपये के आठ नकली नोट और 50 रुपये का एक नकली नोट बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दोस्तों के साथ शराब पीता है और उसे याद नहीं कि नोट किसने दिए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से एक सैमसंग कीपैड मोबाइल भी बरामद किया है।
सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली नोट कहां से आए और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
