रिपोर्ट: सचिन कुमार
राजधानी देहरादून के निजी पनेशिया अस्पताल में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। हादसे के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मी झुलस गए।
प्रशासन के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। एडीएम प्रशासन के के मिश्रा ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य के दौरान एक 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वहीं तीन पुलिसकर्मी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घायल हुए हैं। घटना के बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अस्पताल में भर्ती एक नवजात शिशु समेत सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
वहीं कैलाश अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर पवन शर्मा ने कहा कि सूचना मिलते ही अस्पताल की सभी एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं और गंभीर मरीजों को तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया। फिलहाल छह मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
