रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून के सरकारी अस्पतालों में एंटी-रेबीज इंजेक्शन की कमी को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा अपडेट दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर तेजी से काम किया जा रहा है और जल्द ही सप्लाई पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
पिछले कुछ सप्ताह से वैक्सीन की कमी के चलते मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। कई अस्पतालों में स्टॉक सीमित होने के कारण लोगों को निजी मेडिकल स्टोर्स का सहारा लेना पड़ रहा था।
सीएमओ ने बताया कि विभाग ने स्थानीय खरीद के जरिए सीएचसी और पीएचसी में वैक्सीन उपलब्ध कराई, ताकि किसी भी मरीज का इलाज प्रभावित न हो। वहीं महानिदेशालय स्तर पर सप्लाई बाधित होने से जिला अस्पतालों में दिक्कत बढ़ गई थी।
उन्होंने बताया कि अब लगभग 1,000 वैक्सीन की खेप प्राप्त हो चुकी है और सप्लाई चेन फिर से सक्रिय हो गई है। विभाग का दावा है कि अगले 15 से 20 दिनों में वैक्सीन की किल्लत पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
