रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून में गर्मी के चलते पेयजल संकट तेजी से गहराता जा रहा है। शहर और आसपास के इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित होने से लोग परेशान हैं और टैंकरों पर निर्भरता बढ़ गई है।
स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड जल संस्थान ने राज्यभर में सैकड़ों क्षेत्रों को संवेदनशील घोषित किया है। विभाग के अनुसार, जल स्रोतों के सूखने और बिजली कटौती के कारण ट्यूबवेल सही तरीके से काम नहीं कर पा रहे हैं।
जल आपूर्ति को बनाए रखने के लिए विभाग ने बड़ी संख्या में टैंकरों की तैनाती की है। इसके साथ ही कई स्थानों पर जनरेटर लगाकर बिजली समस्या का समाधान करने की कोशिश की जा रही है।
पानी की बर्बादी रोकने के लिए निर्माण कार्यों और कमर्शियल कनेक्शनों पर रोक लगाई गई है। वहीं, शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर 1916 सक्रिय हैं।
प्रशासन ने लोगों से पानी का संयमित उपयोग करने की अपील भी की है।
