उत्तराखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने आज से प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है।
इसके अलावा कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने 29 मई को देहरादून और टिहरी समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 30 और 31 मई के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आने की भी संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
संभावित खराब मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। खासकर पर्वतीय इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
