चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में शनिवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली। 15,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र धाम में मौसम बदलने के साथ ही बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया।
बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी देखने को नहीं मिली। देश और विदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु सुबह से ही बर्फबारी के बीच हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए लगातार पहुंच रहे हैं।
बर्फबारी के बीच जारी है श्रद्धालुओं का सफर
हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर मौसम चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ यात्रा कर रहे हैं। गुरुद्वारा प्रबंधक समिति और SDRF की टीमें लगातार यात्रियों की सहायता कर रही हैं तथा उन्हें सुरक्षित रूप से पवित्र गुरुद्वारा साहिब तक पहुंचा रही हैं।
कड़ाके की ठंड में श्रद्धालुओं ने किया पवित्र सरोवर में स्नान
बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेमकुंड साहिब स्थित पवित्र सरोवर में स्नान करते हुए नजर आए। श्रद्धालुओं का कहना है कि कठिन मौसम और प्राकृतिक चुनौतियां उनकी आस्था को और अधिक मजबूत बनाती हैं।
मनमोहक बना हेमकुंड साहिब का नजारा
ताजा बर्फबारी के बाद हेमकुंड साहिब और आसपास की पर्वत श्रृंखलियों का दृश्य बेहद मनमोहक हो गया है। चारों ओर फैली बर्फ की सफेद चादर ने पूरे क्षेत्र को अद्भुत और अलौकिक स्वरूप प्रदान कर दिया है, जिसे देखने के लिए श्रद्धालु और पर्यटक उत्साहित नजर आ रहे हैं।
प्रशासन और यात्रा प्रबंधन से जुड़े विभाग लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए हैं और श्रद्धालुओं से सावधानी बरतते हुए यात्रा करने की अपील कर रहे हैं।
