हरिद्वार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के यात्रियों से भरी एक बस हाईवे पर पलट गई, जिसमें करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए, जबकि एक महिला की मौत हो गई।
यह हादसा नगर कोतवाली क्षेत्र में हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर शांतिकुंज के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, बस सर्विस लेन से मुख्य हाईवे पर चढ़ रही थी, तभी रायवाला की ओर से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। वहीं, डंपर भी पास के एक ढाबे में जा घुसा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई बस एक निजी कंपनी की थी, जो राजस्थान से श्रद्धालुओं को हरिद्वार लेकर आई थी। सभी यात्री सोमवार को अपने गंतव्य के लिए लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को हटाकर हाईवे पर यातायात को सुचारु कर दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
