उधम सिंह नगर जनपद के जसपुर क्षेत्र के लिए गर्व की खबर सामने आई है। पीसीएस परीक्षा 2024 में शानदार सफलता हासिल करते हुए जसपुर निवासी विक्रांत सिंह का चयन उप शिक्षा अधिकारी पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लगातार उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
जसपुर विधानसभा क्षेत्र के मूल निवासी विक्रांत सिंह गांव रायपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में जसपुर नगर के वार्ड नंबर-3 स्थित पंचशील कॉलोनी में निवास करते हैं। उनके पिता अशोक कुमार शिक्षा विभाग में अध्यापक हैं, जबकि माता हेमलता रानी गृहिणी हैं। एक साधारण परिवार से आने वाले विक्रांत सिंह ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
विक्रांत सिंह ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा 2024 में 25वीं रैंक प्राप्त कर उप शिक्षा अधिकारी पद हासिल किया है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर जसपुर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, प्रधान संघ अध्यक्ष दिलशाद शाह और अन्य समर्थक उनके आवास पहुंचे। सभी ने विक्रांत सिंह को फूलमाला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
मीडिया से बातचीत में विक्रांत सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 2016 में सरस्वती विद्या मंदिर जसपुर से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद रुहेलखंड विश्वविद्यालय से स्नातक किया और फिर देहरादून स्थित प्रयाग आईएएस अकादमी में तीन से चार वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की।
विक्रांत ने बताया कि दूसरे प्रयास में उन्हें यह सफलता मिली। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सफलता पाने के लिए स्पष्ट रणनीति बनाना जरूरी है। छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित कर लगातार मेहनत करनी चाहिए और किसी एक विषय या परिस्थिति में उलझने के बजाय संतुलित तैयारी पर ध्यान देना चाहिए।
