रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां स्मार्ट मीटर के विरोध में एक बार फिर प्रदर्शन तेज हो गया है। गुस्साए लोगों ने विद्युत वितरण खंड कार्यालय का घेराव कर सांकेतिक तालाबंदी कर दी है।
स्मार्ट मीटर के खिलाफ जसपुर में शुरू हुआ विरोध अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
इस आंदोलन की अगुवाई जिला पंचायत सदस्य चरनजीत सिंह चन्नी कर रहे हैं, जिन्होंने शुरुआत से ही इस योजना का विरोध किया है।
भारतीय किसान यूनियन, प्रधान संघ, किसानों और स्थानीय लोगों के समर्थन से यह आंदोलन लगातार मजबूत होता जा रहा है।
बीते 25 मई 2026 को भी प्रदर्शनकारियों ने विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर धरना देकर विरोध दर्ज कराया था। उस समय अधिशासी अभियंता ने 5 जून तक समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन तय दिन पर जब लोग कार्यालय पहुंचे तो उन्हें अधिकारी के स्थानांतरण की जानकारी मिली।
इससे नाराज लोगों ने यूपीसीएल विभाग और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और कार्यालय की सांकेतिक तालाबंदी कर दी।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह विभाग की लापरवाही और वादाखिलाफी का साफ उदाहरण है।
उनका आरोप है कि आंदोलन को दबाने के लिए जानबूझकर अधिकारी का स्थानांतरण किया गया है।
हालांकि, नई वार्ता के बाद 12 जून 2026 की तारीख तय की गई है, जिसमें उच्च अधिकारियों के शामिल होने की बात कही गई है।
प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
- स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक
- लगे हुए मीटरों को हटाना
- भूमिहीनों को बिजली कनेक्शन देना
- विजिलेंस की पेनल्टी समाप्त करना
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि यदि सरकार का कोई स्पष्ट आदेश नहीं दिखाया गया, तो लगाए गए मीटरों को भी उखाड़ दिया जाएगा।
फिलहाल जसपुर में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और अब सबकी नजर 12 जून को होने वाली अहम बैठक पर टिकी है।
